प्रतापगढ़ : लालगंज तहसील में अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी
संवाददाता सदानंद दिबेदी
प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज तहसील परिसर में अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है। शनिवार को प्रत्याशियों ने दक्षता भाषण के माध्यम से अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में समर्थन मांगा। चुनावी सभा में प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और संघ की मजबूती को लेकर अपने-अपने विचार रखे।
इस बार अधिवक्ता संघ चुनाव में अध्यक्ष समेत कुल नौ पदों पर 40 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बेहद दिलचस्प और कांटे का माना जा रहा है। चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।निर्वाचन समिति के अनुसार मतदान रविवार सुबह 8 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। कुल 677 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कड़े मुकाबले के कारण मतगणना देर रात तक चलने की संभावना जताई जा रही है।चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। तहसील परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन की व्यवस्था भी लागू की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।अधिवक्ता संघ चुनाव को लेकर पूरे दिन तहसील परिसर में गहमागहमी बनी रही और समर्थकों के बीच चुनावी चर्चाएं तेज रहीं।
ये भी पढ़ें कैबिनेट मंत्री बनने के बाद शुभकामनाओं का लगा तांता, समर्थकों से मुलाकात कर जताया आभार












