प्रतापगढ़ : एसपी दीपक भूकर ने नवनिर्मित थाना लीलापुर का किया शुभारंभ, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
जिला संवाददाता अमित शुक्ला प्रतापगढ़। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर द्वारा नवनिर्मित थाना “लीलापुर” से विधिवत कार्य संचालन प्रारंभ कराया गया। इस दौरान फीता काटकर थाना भवन का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय सहित जनपद के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एसपी दीपक भूकर ने थाना परिसर का भ्रमण कर नवस्थापित कार्यालयों, मालखाना, हवालात, कंप्यूटर कक्ष एवं जनसुनवाई कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि थाना पुलिस जनता की समस्याओं के समाधान का पहला केंद्र होती है, इसलिए प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं शालीन व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव, नियमित साफ-सफाई तथा तकनीकी रूप से कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने थाना परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी अमला सिंह, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने थाना लीलापुर से कार्य संचालन शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और त्वरित पुलिस सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अमला सिंह ने पुलिस अधीक्षक को भरोसा दिलाया कि फरियादियों की समस्याओं को निष्पक्षता से सुनकर उनका तत्काल निस्तारण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: आंधी-तूफान से कुंडा की बिजली व्यवस्था प्रभावित, बिजली कर्मियों ने देर रात तक किया मरम्मत कार्य













