उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का रेड-ऑरेंज अलर्ट, सीएम योगी ने बुलाई आपात बैठक, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
संवाददाता बिपिन मिश्रा
लखनऊ/उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट और आगामी 19 से 21 मई तक अत्यधिक तापमान बढ़ने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के प्रशासनिक अमले को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने जनता की सुरक्षा और राहत-बचाव कार्यों को लेकर कड़े कदम उठाने की बात कही है।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार रखने के आदेश
स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर डालते हुए सीएम योगी ने निर्देश दिया है कि प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में हीट स्ट्रोक स्पेशल वार्ड तुरंत एक्टिव किए जाएं। अस्पतालों में ओआरएस (ORS) घोल, जरूरी दवाइयां और कुलर-एसी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। बिजली और पानी की निर्बाध सप्लाई पर विशेष नजर, भीषण गर्मी के इस दौर में जनता को बिजली और पानी की किल्लत न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को सख्त हिदायत दी गई है। ट्रांसफार्मर खराब होने या ट्रिपिंग की समस्या का तुरंत समाधान करें ताकि इस झुलसाने वाली गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। शहरी और ग्रामीण इलाकों में पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। जगह-जगह प्याऊ की व्यवस्था और टैंकरों के जरिए पानी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 19 मई से 21 मई के बीच प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ने की संभावना है। सीएम ने इस तीन दिनों की अवधि के दौरान स्थानीय प्रशासन और नगर निकायों को विशेष रूप से सक्रिय रहने और राहत कार्यों की निगरानी खुद करने के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता से भी इस जानलेवा गर्मी से बचने के लिए सहयोग की अपील की है,
बहुत जरूरी काम न होने पर दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलें। इस मौसम में बच्चे और बुजुर्ग सबसे जल्दी हीट वेव की चपेट में आते हैं, इसलिए उन्हें ठंडी जगहों पर रखें और लगातार पानी पिलाते रहें। बाहर निकलते समय सिर को ढककर रखें और पानी, छाछ या नींबू पानी का सेवन करते रहें। सभी जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने और हर स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा गया है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












