भव्य कलश यात्रा के साथ जगन्नाथपुर में श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ
संवाददाता सदानंद द्विवेदी. लालगंज विकास खंड के अंतर्गत ग्राम सभा जगन्नाथपुर में श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के वातावरण के बीच श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम को लेकर पूरे क्षेत्र में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ कथा स्थल पर जुटने लगी। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान भोलेनाथ के जयघोष के साथ भक्ति यात्रा निकाली, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कलश यात्रा आवास से प्रारंभ होकर कुल देवी वन शक्ति धाम पहुँची, जहाँ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद यात्रा भगवान शंकर मंदिर एवं दुर्गा देवी धाम होते हुए कथा मंडप तक पहुँची। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। धार्मिक गीतों एवं हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।
कार्यक्रम में विशिष्ट यजमान के रूप में श्रीमती कलावती देवी उपस्थित रहीं, जबकि मुख्य यजमान के रूप में श्रीमती शांति देवी एवं श्री गायत्री प्रसाद त्रिपाठी ने कथा पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।
इस अवसर पर राघवेंद्र त्रिपाठी, अनंतराम त्रिपाठी, यादवेंद्र त्रिपाठी ‘भोला’, एडवोकेट शिवेंद्र त्रिपाठी, ग्राम प्रधान शांति सिंह, पूर्व उपाध्यक्ष/महामंत्री एडवोकेट सन्तोष पांडेय, एडवोकेट सिंटू मिश्र, एडवोकेट सुमित त्रिपाठी ‘वत्सल’ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजन समिति के अनुसार श्री शिव महापुराण कथा के दौरान प्रतिदिन धार्मिक प्रवचन, भजन-कीर्तन एवं विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से कथा में सम्मिलित होकर धर्म का लाभ प्राप्त करने के लिए सम्मान सहित आने के लिए कहा है












