“एक्के नम्बर सब्बो बर डायल-112”: बेमेतरा पुलिस को मिले 11 हाईटेक ईआरवी वाहन, अब मिनटों में पहुंचेगी मदद
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, 20 मई 2026। जिले की आपातकालीन पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए बेमेतरा पुलिस को 11 नए हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहन मिले हैं। पुलिस कंट्रोल रूम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने पूजा-अर्चना कर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।जीपीएस, वायरलेस संचार, डिजिटल नेविगेशन और लाइव लोकेशन ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस ये वाहन जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 24 घंटे ऑन रोड रहेंगे। सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद और अन्य आपात स्थितियों में अब आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। कार्यक्रम में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस उप महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।












