विकास भवन में डीएम का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी; साफ-सफाई और गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश।
संवादाता अमन अहमद।
अरविन्द सिंह ने बुधवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागीय कार्यालयों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और योजनाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, अनुशासन और कार्यों की गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी विभागों के समन्वय से विकास भवन परिसर की नियमित सफाई एवं रंगाई-पुताई सुनिश्चित कराई जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, उपायुक्त मनरेगा कार्यालय, उपायुक्त एनआरएलएम कार्यालय, जिला कृषि अधिकारी कार्यालय, मत्स्य विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग तथा जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय सहित कई विभागों का जायजा लिया। इस दौरान बाल विकास परियोजना कार्यालय में एफएलएस सारिका पुंडीर अनुपस्थित मिलीं, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला कृषि अधिकारी डॉ. मनवीर सिंह से बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं के लाइसेंस संबंधी पत्रावलियां तत्काल प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही निर्देश दिए कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों और सीएलएफ के माध्यम से बड़े एवं उपयोगी कार्य कराने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि महिला समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने एडीओ आईएसबी, डीएमएम और बीएमएम की संयुक्त बैठक शीघ्र आयोजित करने के निर्देश भी दिए। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने सफाई कर्मचारियों को एसीपी सहित अन्य देय लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा विकास भवन परिसर एवं ट्रांजिट हॉस्टल के आसपास व्यापक वृक्षारोपण कराने पर भी विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, पीडी सुरेंद्र कुमार गुप्ता, डीडी कृषि सुमित कुमार, उपायुक्त मनरेगा प्रभुदयाल, जिला पंचायत राज अधिकारी राजकुमार मौर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












