ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में एटा के मेडिकल स्टोर बंद दवा व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
जिला संवाददाता काव्यांश रावत

एटा में ऑल इंडिया केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के देशव्यापी बंद के आह्वान पर जनपद के दवा व्यापारियों ने अपनी दुकानों को बंद रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मेडिकल व्यापारियों ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने की मांग उठाते हुए सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। दवा व्यापारियों का कहना है कि कोविड काल के दौरान अस्थाई तौर पर शुरू की गई ऑनलाइन दवा बिक्री व्यवस्था को अब तक जारी रखा गया है, जिससे पारंपरिक मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर नियमों का उल्लंघन करते हुए बिना उचित जांच के दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे नकली और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन के दौरान मेडिकल व्यापारियों ने शहर में रैली निकालकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। व्यापारियों का कहना था कि ऑनलाइन दवा बिक्री से छोटे दवा विक्रेताओं के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। साथ ही मरीजों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ होने की आशंका बनी रहती है।हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में दवा खरीदने पहुंचे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मेडिकल स्टोर बंद मिलने से लोगों को आवश्यक दवाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा। बाद में दवा व्यापारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा और ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाने के साथ समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।












