एटा: रेनू गौड़ ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं, लापरवाह स्वास्थ्य सेवाओं पर नाराज़गी
संवादाता अमन अहमद: एटा: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने एटा के विकास खंड अलीगंज के ग्राम देवतरा में जन चौपाल कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीण महिलाओं की समस्याएं सुनीं। इस दौरान वृद्धा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ न मिलने की शिकायतों पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं को समय से योजनाओं का लाभ मिले।
रेनू गौड़ ने महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं — जैसे कन्या सुमंगला योजना, वृद्धा पेंशन, स्वच्छ भारत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना — की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बाल विवाह के खतरों के प्रति भी जागरूक किया और कहा कि सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया गया। खंड विकास अधिकारी फैसल आलम ने पंचायत स्तर पर कराए गए विकास कार्यों की जानकारी दी।
निजी अस्पताल में लापरवाही, महिला आयोग ने लिया संज्ञान
दौरे के दौरान रेनू गौड़ ने अलीगंज स्थित आर.के. राजपूत अस्पताल में हुई गंभीर चिकित्सकीय लापरवाही की जांच की। मामला शीतल गुप्ता के बेटे अभिनव से जुड़ा है, जिसका हाथ चोटिल होने के बाद गलत तरीके से इलाज किया गया। एक्स-रे में कोई समस्या न होने की बात कहने वाले अस्पताल ने इलाज में लापरवाही बरती, जिससे हालत और बिगड़ गई।
बाद में जब अभिनव को आगरा और सहारनपुर ले जाया गया तो दोबारा एक्स-रे में खुलासा हुआ कि हाथ में फ्रैक्चर है, जो सही ढंग से प्लास्टर नहीं किया गया था। जांच में सामने आया कि अस्पताल में न तो हड्डी रोग विशेषज्ञ था, न ही आवश्यक चिकित्सकीय उपकरण।
रेनू गौड़ ने पीड़ित परिवार को एम्स दिल्ली में इलाज कराने का भरोसा दिलाया और कहा कि इस संबंध में वे संबंधित विभाग को पत्र भेजेंगी ताकि बच्चे का समुचित इलाज सुनिश्चित हो सके।
इस अवसर पर एडीओ आईएसबी चंद्र पाल, कानूनगो विनोद यादव, लेखपाल कश्मीर सिंह, ग्राम सचिव मुजम्मिल खान, ग्राम प्रधान ललिता देवी और प्रभारी निरीक्षक किशोरी लाल मीणा सहित कई अधिकारी व ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: आकाशीय बिजली ने ढाया कहर, महिला की हुई झुलस कर दर्दनाक मौत












