तेज आवाज में साउंड बजाने का विरोध करने पर घर में घुसकर मारपीट का आरोप, पुलिस जांच में जुटी।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
पट्टी, प्रतापगढ़। कोतवाली क्षेत्र के धुई गांव में तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। पीड़ित ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार, धुई गांव निवासी शिव शंकर गौतम ने पट्टी कोतवाली में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके घर के सामने कुछ लोग तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजा रहे थे। विरोध करने पर आरोपी कथित रूप से आक्रोशित हो गए और घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी गीता देवी गौतम को भी आरोपियों ने पीटकर घायल कर दिया। साथ ही उनके तीन वर्षीय बच्चे को भी जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पट्टी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आनंदपाल सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












