खेत में दौड़ रहे करंट ने ली किसान की जान: बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण भी झुलसे, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

खेत में दौड़ रहे करंट ने ली किसान की जान: बचाने पहुंचे तीन ग्रामीण भी झुलसे, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

संवाददाता :पंकज मिश्रा

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में खेत पर पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। उसे बचाने के लिए दौड़े तीन अन्य ग्रामीण भी करंट लगने से झुलस गए। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने खेत में जानबूझकर करंट छोड़ने का आरोप लगाते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना ग्राम कोकदा खानापारा की है, जहां 26 वर्षीय अवनीश पुत्र सुरेश चंद्र शनिवार सुबह शौच के लिए खेतों की ओर जा रहा था। आरोप है कि गांव निवासी कश्मीर सिंह के खेत की मेड़ के पास झटका मशीन से जुड़ा एक खुला बिजली का तार पड़ा हुआ था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। इसी दौरान अवनीश उस तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। अवनीश की चीख-पुकार सुनकर गांव के प्रवेश (28), विशेष कुमार (27) और कल्याण सिंह (48) उसे बचाने के लिए मौके पर पहुंचे। बचाव के प्रयास में तीनों भी करंट की चपेट में आ गए और झुलस गए। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह सभी को करंट से अलग कराया। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से चारों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अवनीश को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य तीनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर है।
मृतक के चचेरे भाई दीपू ने आरोप लगाया कि खेत की सुरक्षा के नाम पर लगाए गए तार में जानबूझकर करंट छोड़ा गया था। उनका कहना है कि खुला तार पड़ा होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले में कश्मीर सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अवनीश परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी शादी करीब छह वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में मां, पत्नी रुचि, पांच वर्षीय बेटा और मानसिक रूप से कमजोर बड़ा भाई हैं। खेती और मजदूरी करके वह परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। थाना प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें