पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर सीओ रानीगंज की पैनी नजर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी रानीगंज श्री विनय प्रभाकर साहनी ने ग्राम विकास इंटरमीडिएट कॉलेज, देल्हूपुर स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। साथ ही ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की जांच कर उन्हें परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।












