प्रतापगढ़ पहुंचे एडीजी प्रयागराज जोन, पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण।
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़।

नकलविहीन परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था परखी, अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को दिए सख्त निर्देश
उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन श्री ज्योति नारायन ने सोमवार को जनपद प्रतापगढ़ का दौरा कर परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
एडीजी श्री ज्योति नारायन ने जिलाधिकारी प्रतापगढ़ श्री अभिषेक पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, प्रतापगढ़ परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के भीतर एवं बाहर तैनात पुलिस बल की सतर्कता, अभ्यर्थियों की तलाशी व्यवस्था, प्रवेश प्रक्रिया तथा सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी भौतिक सत्यापन किया गया। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं को परखा। एडीजी श्री ज्योति नारायन ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि को कतई बर्दाश्त न किया जाए। उन्होंने केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने देने, यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर श्री प्रशान्त राज सहित अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, परीक्षा केंद्र के कर्मचारी तथा पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा पुलिस भर्ती परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।












