उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 जनपद गाजियाबाद में सकुशल, निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न,तीन दिवसों तक चली परीक्षा का शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से हुआ सफल आयोजन
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
दिनांक : 11 जून, 2026गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की ऑफलाइन लिखित परीक्षा जनपद गाजियाबाद में दिनांक 08, 09 एवं 10 जून, 2026 को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता, शुचिता एवं नकलविहीन वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की गई तथा जनपद में निर्धारित सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई। परीक्षा के सफल संचालन हेतु जनपद में 25 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। प्रत्येक केन्द्र पर केन्द्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी, केन्द्र पुलिस प्रभारी एवं अन्य आवश्यक कार्मिकों की तैनाती की गई थी। अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन, सघन तलाशी एवं प्रवेश प्रक्रिया बोर्ड द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सम्पन्न कराई गई।
परीक्षा के दौरान सभी केन्द्रों पर सतत निगरानी रखी गई तथा उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया गया। परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी केन्द्र पर नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग, कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या अथवा अन्य कोई प्रतिकूल स्थिति प्रकाश में नहीं आई। परीक्षा में प्रत्येक पाली में 11,064 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।दिनांक 08 जून की प्रथम पाली में 7,395 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,669 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 7,513 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,551 अनुपस्थित रहे। दिनांक 09 जून की प्रथम पाली में 7,450 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,614 अनुपस्थित रहे तथा द्वितीय पाली में 7,615 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,449 अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार दिनांक 10 जून की प्रथम पाली में 7,555 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,509 अनुपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 7,660 अभ्यर्थी उपस्थित एवं 3,404 अनुपस्थित रहे। तीनों दिवसों की छह पालियों में कुल 66,384 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 45,188 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 21,196 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा का सम्पूर्ण आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों, सतर्कता एवं जिम्मेदारीपूर्ण कार्यप्रणाली के कारण परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्तर पर प्रभावी निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।












