कासगंज पुलिस का बड़ा अभियान: 36 वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश

कासगंज पुलिस का बड़ा अभियान: 36 वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में किया गया पेश

डिप्टी स्टेट ब्यूरो चीफ धर्मेंद्र चौहान

कासगंज। जनपद में न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और फरार एवं गैरहाजिर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कासगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कासगंज, पटियाली, सोरों, ढोलना, सुन्नगढ़ी, गंजडुण्डवारा, सिढ़पुरा, सहावर, सिकन्दरपुर वैश्य और अमांपुर थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लंबे समय से न्यायालय में पेश न होने वाले वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न न्यायालयों से गिरफ्तारी वारंट जारी थे, लेकिन वे लगातार अदालत में उपस्थित नहीं हो रहे थे। ऐसे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। अभियान के दौरान थाना सहावर क्षेत्र से सर्वाधिक सात वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि गंजडुण्डवारा थाना क्षेत्र से छह अभियुक्तों को पकड़ा गया। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों से भी कई वारंटियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। जिन लोगों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी हैं, उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। कासगंज पुलिस की इस कार्रवाई को न्यायिक आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा फरार एवं गैरहाजिर आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों को और अधिक गति देकर अपराधियों पर शिकंजा कसा जाएगा।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें