सड़क निर्माण की मांग को लेकर सपा का विशाल धरना-प्रदर्शन, जनसभा में गूंजी क्षेत्रीय विकास की आवाज

सड़क निर्माण की मांग को लेकर सपा का विशाल धरना-प्रदर्शन, जनसभा में गूंजी क्षेत्रीय विकास की आवाज

संवाददाता महफूज आलम।गणेशपुर-पचपेड़वा, बलरामपुर

गैंसड़ी विधानसभा क्षेत्र के गणेशपुर में सोमवार को समाजवादी पार्टी द्वारा क्षेत्रीय जनसमस्याओं को लेकर एक विशाल धरना-प्रदर्शन एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व गैंसड़ी विधानसभा के विधायक राकेश यादव ने किया। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर क्षेत्र के विकास संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। जनसभा में श्रावस्ती की सांसद श्रीमणि वर्मा, इटवा (सिद्धार्थनगर) के वरिष्ठ समाजवादी नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने अपने संबोधन में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करते हुए जनता के अधिकारों और विकास के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।
सभा के दौरान चंदनपुर–पेचपड़वा–जेतापुर–उतरौला मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण क्षेत्र के लोगों को वर्षों से आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में उपस्थित ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भी सड़क निर्माण के समर्थन में जोरदार आवाज बुलंद की और क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। नेताओं ने कहा कि सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने जनता को भरोसा दिलाया कि उनके हितों से जुड़े सभी मुद्दों को सड़क से लेकर सदन तक प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें