बदहाल सड़कों के निर्माण को लेकर सपा का विशाल धरना, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

बदहाल सड़कों के निर्माण को लेकर सपा का विशाल धरना, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

संवाददाता महफूज आलम गनेशपुर (बलरामपुर)

उतरौला–पचपेड़वा–चन्दनपुर मार्ग तथा अयोध्या धाम जाने वाले अन्य जिला मार्गों के निर्माण कार्य में हो रही देरी और क्षेत्र की बदहाल सड़कों के विरोध में समाजवादी पार्टी द्वारा गनेशपुर स्थित रामजानकी मंदिर के सामने विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपनी मांगों को जोरदार ढंग से उठाया। धरना-प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि उतरौला–पचपेड़वा–चन्दनपुर मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से अधूरी पड़ी हैं, जिससे आम जनता, किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को प्रतिदिन भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खराब सड़कें न केवल आवागमन में बाधा बन रही हैं, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन रही हैं। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं भी लोगों को उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने मांग की कि अधूरे पड़े सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए। धरना-प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के माध्यम से महामहिम राज्यपाल महोदया को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य को अविलंब पूर्ण कराने की मांग की। ज्ञापन में क्षेत्रवासियों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान तक संघर्ष जारी रहेगा और जनहित, सामाजिक न्याय तथा विकास से जुड़े मुद्दों पर समाजवादी पार्टी लगातार आवाज उठाती रहेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें