फेसबुक टिप्पणी के विवाद में युवक से मारपीट, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप।
संवादाता अमन अहमद।
एटा। जनपद एटा के कोतवाली नगर क्षेत्र में सोशल मीडिया पर की गई एक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। करीब आठ दिन पुरानी इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित युवक ने आरोप लगाया है कि उसे समझौते के बहाने बुलाकर कुछ युवकों ने बेरहमी से पीटा।जानकारी के अनुसार, सोहन पुरी निवासी 20 वर्षीय आकाश गुप्ता ने एक फेसबुक पोस्ट पर टिप्पणी की थी। इसी बात से नाराज होकर शिवम गुप्ता और मनी यादव समेत आधा दर्जन युवकों ने कथित तौर पर उसे बातचीत के लिए बुलाया। आरोप है कि सैनिक पड़ाव मैदान पहुंचते ही युवकों ने आकाश को घेर लिया और उसके साथ लात-घूंसों तथा बेल्टों से मारपीट की। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। पीड़ित आकाश गुप्ता ने कोतवाली नगर पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, उसका आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने के बजाय उस पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कराने की बात कहकर समझौते का दबाव बना रही है। उधर, कोतवाली नगर पुलिस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है।












