मरम्मत के दौरान करंट की चपेट में आया बिजली विभाग का संविदाकर्मी, अस्पताल में तोड़ा दम
मंडल संवाददाता अमित चौहान
कासगंज। सहावर थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में गुरुवार को बिजली विभाग के एक संविदाकर्मी की मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र गोवर्धन के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गांव में विद्युत लाइन से संबंधित मरम्मत कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पोल से लगी लोहे की सीढ़ी पर झूला रखते समय अचानक करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, हादसे के कारणों को लेकर भी संबंधित विभागीय स्तर पर जानकारी जुटाई जा रही है।












