धान रोपाई कर लौट रही महिला को ट्रैक्टर ने कुचला, मौत
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य फतेहपुर । कुवरपुर – भदबा रोड पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने धान रोपाई कर खेत से लौट रही महिला को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया।
मलवा थाना क्षेत्र के मोहनखेड़ा गांव निवासी चुन्नी देवी (40) पत्नी अशोक भुर्जी खेत में धान लगाकर लौट रही थीं। इसी दौरान फतेहपुर से सीमेंट लादकर तारापुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर महिला को टक्कर मार दिया जिससे महिला की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने भागने की कोशिश कर रहे ट्रैक्टर को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।सूचना पर सीओ सिटी गौरव शर्मा व मलवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे।
मृतका के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है, आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें एटा: दाखिल-खारिज में हो रही देरी पर अधिवक्ताओं का रोष












