महेशगंज पुलिस और स्वाट टीम की बड़ी सफलता, लूट का खुलासा
पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में लगी गोली,
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
एक बाल अपचारी भी संरक्षण में
प्रतापगढ़। महेशगंज थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की वारदात का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जून को थाना महेशगंज क्षेत्र के टेंडा सरैया के पास ई-रिक्शा में सवार एक महिला के गले से सोने का लॉकेट छीन लिया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस लगातार तलाश में जुटी थी।
सोमवार को गश्त के दौरान सूचना मिली कि वारदात में शामिल दोनों आरोपी गंगा एक्सप्रेसवे के निकट सर्विस रोड स्थित आईटीडी (ITD) प्लांट के आगे आने वाले हैं। सूचना पर थाना प्रभारी संदीप तिवारी के नेतृत्व में महेशगंज पुलिस एवं स्वाट टीम ने घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी अंकित जोशी निवासी वासुपुर पौड़ियां, थाना लीलापुर ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर जिला अस्पताल प्रतापगढ़ भेजा गया। वहीं, उसके साथ मौजूद एक बाल अपचारी (अरमान) को पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट, .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई की निगरानी अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय एवं क्षेत्राधिकारी सदर करिश्मा गुप्ता द्वारा की गई।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि बाल अपचारी के संबंध में विधिक प्रक्रिया अपनाई जा रही है।












