राममंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी के घर पसरा सन्नाटा, पड़ोसी भी बोले- कुछ नहीं कहना
संवाददाता सुमित मिश्रा
प्रतापगढ़। राममंदिर के चर्चित चढ़ावा चोरी प्रकरण में आरोपी बनाए गए महेशगंज थाना क्षेत्र के बाबूपुर निवासी अविनाश शुक्ला की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसके घर पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा।
मीडिया टीम जब बाबूपुर स्थित उसके आवास पहुंची तो पुराने पुश्तैनी कच्चे मकान और नवनिर्मित पक्के मकान दोनों पर कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार अविनाश अपने भाइयों के साथ इसी घर में रहता था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद से परिवार का कोई सदस्य सामने नहीं आया।
घर के बाहर अयोध्या नंबर की एक कार खड़ी दिखाई दी, हालांकि वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मीडिया से बातचीत नहीं की। वहीं, आसपास के पड़ोसी भी पूरे मामले पर कुछ भी बोलने से बचते नजर आए।
राममंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में अविनाश का नाम सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।












