प्रदेश में चौथी रैंक हासिल कर रेनू ओझा बनीं पीजीटी प्रवक्ता, प्रतापगढ़ का बढ़ाया मान
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
पट्टी, प्रतापगढ़। तहसील पट्टी क्षेत्र के ढाकापुर गांव की बेटी रेनू ओझा ने उत्तर प्रदेश पीजीटी (शिक्षाशास्त्र) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में चौथी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ उनका चयन पीजीटी शिक्षाशास्त्र (प्रवक्ता) पद पर हुआ है। रेनू की इस सफलता से पूरे प्रतापगढ़ जनपद में खुशी और गर्व का माहौल है।
परिणाम घोषित होने के बाद रेनू के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। उनके पिता रामकृष्ण ओझा, भाई हेमंत ओझा सहित परिवार के सभी सदस्यों ने इस सफलता का श्रेय रेनू की कठिन मेहनत, लगन और अनुशासित तैयारी को दिया।
क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने रेनू ओझा को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ग्रामीण अंचल की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
रेनू ओझा की इस उल्लेखनीय सफलता से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे प्रतापगढ़ जिले का गौरव बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़: मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में डीएम सख्त, बैंकों को लगाई फटकार












