आंगनबाड़ी चयन सूची में हेरफेर का मामला, डीएम ने दिखाई सख्ती
जिला संवाददाता अमित शुक्ला
प्रतापगढ़ में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी सहायिका चयन प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों की सूची में कथित रूप से काला मार्कर चलाकर जानकारी छिपाने का मामला सामने आने के बाद जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय स्वयं विकास भवन पहुंचे और मौके पर निरीक्षण किया।
डीएम ने चयन सूची पर मार्कर चलाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर संदेह उत्पन्न होता है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को मामले की निष्पक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मामला मानधाता विकासखंड के पनियारी गांव में आंगनबाड़ी सहायिका चयन से जुड़ा है, जहां शिकायतकर्ता ने चयन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया था। जांच के दौरान सूची में आय प्रमाण पत्र संबंधी विवरण पर काला मार्कर लगाए जाने की पुष्टि होने पर प्रशासन हरकत में आ गया।
डीएम के निर्देश के बाद अब पूरे प्रकरण की जांच शुरू हो गई है। यदि अनियमितता सिद्ध होती है तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की संभावना है।












