पदोन्नति पर डीआईजी रामकृष्ण साहू का भव्य सम्मान एवं भावभीनी विदाई
जिला साहू संघ बेमेतरा ने रायपुर में नई जिम्मेदारी के लिए दी शुभकामनाएं, जनहितैषी पुलिसिंग और उत्कृष्ट सेवाओं को किया नमन
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा। पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू (आईपीएस) के पदोन्नति उपरांत रायपुर में नई जिम्मेदारी मिलने पर जिला साहू संघ बेमेतरा के प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य भेंट कर पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनका आत्मीय एवं गरिमामय सम्मान किया। इस अवसर पर उनके बेमेतरा कार्यकाल की उल्लेखनीय सेवाओं को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी गई तथा नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। जिला साहू संघ बेमेतरा के अध्यक्ष अधिवक्ता नारद साहू ने कहा कि डीआईजी रामकृष्ण साहू ने अपने कार्यकाल में अनुशासित, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं जनहितैषी पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास जीता। उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता एवं कर्तव्यनिष्ठा ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को नई दिशा प्रदान की। उनकी पदोन्नति साहू समाज ही नहीं, बल्कि पूरे बेमेतरा जिले के लिए गौरव, सम्मान एवं प्रेरणा का विषय है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि बेमेतरा में उनका कार्यकाल कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसहभागिता के क्षेत्र में सदैव याद रखा जाएगा। समाज ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर में भी वे अपनी कार्यकुशलता एवं दूरदर्शी नेतृत्व से जनसेवा की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगे और पुलिस विभाग की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। इस अवसर पर जिला साहू संघ बेमेतरा के अध्यक्ष अधिवक्ता नारद साहू, महासचिव बेनूराम साहू, प्रदेश प्रतिनिधि पंचम साहू, कोषाध्यक्ष रामकुमार साहू, साहू न्याय प्रकोष्ठ के संयोजक घनाराम साहू, चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. विनय कुमार साहू, सह सचिव चित्रेंद्र साहू एवं मीडिया प्रभारी ताम्रध्वज साहू सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने डीआईजी रामकृष्ण साहू का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय सम्मान किया, भावभीनी विदाई दी तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सफल कार्यकाल एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। पूरा समारोह आत्मीयता, सम्मान, सौहार्द एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।












