मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण समयान्त राल में करें तैयारियां पूर्ण, किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जायेगी: जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
















गाजियाबाद।दिनांक: 15 जुलाई 2026 उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के दिनांक 17 जुलाई 2026 को जनपद गाजियाबाद में प्रस्तावित कार्यक्रमों के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा कार्यक्रम स्थलों एवं संबंधित व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रमों की समस्त तैयारियों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य कार्यक्रम स्थल केपीसी डिग्री कॉलेज, मुरादनगर का निरीक्षण कर मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात संचालन, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने आईटीएस डेंटल कॉलेज, मुरादनगर, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अतिथि गृह, नया बस अड्डा सहित अन्य संबंधित स्थलों एवं कार्यक्रम मार्गों का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुरादनगर विधायक श्री अजीतपाल त्यागी, अपर पुलिस आयुक्त श्री राज करन नैय्यर, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। स्थलीय निरीक्षण उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं विभागाध्यक्षों के साथ महात्मा गांधी सभागार में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति का आकलन किया गया। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रोटोकॉल, जनसुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, बैरिकेडिंग, चिकित्सा सहायता तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थलों एवं मार्गों पर स्थित सभी सड़कों को गड्ढामुक्त, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित रखा जाए तथा आगंतुकों एवं आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन हेतु सभी विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री मयंक गोयल, मुख्य विकास अधिकारी श्री कुमार सौरभ, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।












