ऑपरेशन CY-VAJRA: एटा पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया पर्दाफाश, डिजिटल अरेस्ट फ्रॉड से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार
संवादाता अमन अहमद।
एटा। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन CY-VAJRA के तहत एटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना जैथरा पुलिस, जनपदीय साइबर सेल और एसओजी की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, एक एटीएम कार्ड, बैंक की इंस्टा किट स्लिप तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह ने हैदराबाद निवासी एक व्यक्ति को खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाया और उससे बड़ी रकम की ठगी की। ठगी की गई धनराशि में से 8 लाख रुपये आरोपियों के बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद आरोपियों ने चेक के माध्यम से पूरी रकम बैंक से निकालकर आपस में बांट ली। बैंक रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की रकम को विभिन्न सदस्यों तक पहुंचाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। साथ ही उनसे जुड़े बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और साइबर नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। एटा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, चेकबुक या बैंकिंग दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। यदि कोई व्यक्ति डिजिटल अरेस्ट, फर्जी अधिकारी बनकर धमकाने या किसी अन्य माध्यम से ठगी का प्रयास करे तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।












