जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनता दर्शन में सुनी जनसमस्याएं, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश
पवन सूर्यवंशी ब्यूरो चीफ़ ऑल एनसीआर
मिशन समर्थ के अन्तर्गत दिव्यांगजनों को दिलाया जाए रोजगार एवं स्वरोजगार : जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ गाजियाबाद दिनांक : 30 जुलाई 2026। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ द्वारा कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। जनता दर्शन के दौरान राजस्व विभाग, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए), नगर निगम, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना-पत्र एवं शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा अनेक शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। साथ ही उन्होंने जूम माध्यम से संबंधित अधिकारियों से संपर्क स्थापित कर उन्हें प्राप्त शिकायतों से अवगत कराया तथा शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान अनेक दिव्यांगजनों द्वारा मिशन समर्थ अभियान से जुड़ने हेतु आवेदन प्रस्तुत किए गए। इस पर जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को निर्देशित किया कि मिशन समर्थ के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पात्र दिव्यांगजनों को अभियान से जोड़ा जाए तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों से संपर्क स्थापित कर उन्हें मिशन समर्थ अभियान के अंतर्गत लाभान्वित किया जाए। जनसुनवाई के दौरान नंदग्राम निवासी दिव्यांगजन श्री श्यामलाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर मिशन समर्थ अभियान के माध्यम से स्वरोजगार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी एवं नीव शक्ति संस्था की संस्थापक ऋचा बल्लभ को निर्देशित किया कि श्री श्यामलाल को मिशन समर्थ अभियान से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार हेतु आवश्यक सहायता एवं लाभ उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस अवसर पर श्री श्यामलाल ने जिलाधिकारी के प्रति आभार व्यक्त किया।जनता दर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी (भू-अर्जन), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सिटी मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।












