पुरानी रंजिश में मंदिर से लौट रहे युवक पर हमला, सिर में गंभीर चोट; मेडिकल कॉलेज रेफर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। दिलीपपुर थाना क्षेत्र के शीतलागंज बाजार में शनिवार सुबह शिव मंदिर से पूजा कर घर लौट रहे एक युवक पर कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। मारपीट में युवक का दाहिना हाथ टूट गया, जबकि सिर में गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
शीतलागंज बाजार निवासी प्रवीण कुमार जायसवाल (30) के अनुसार, बुधवार रात उसके चचेरे चाचा की किराने की दुकान से सिगरेट चोरी और स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं से कथित छींटाकशी का विरोध करने को लेकर गांव के कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था।
आरोप है कि इसी रंजिश में शनिवार सुबह मंदिर से लौटते समय उस पर हमला किया गया।
परिजनों ने घायल प्रवीण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाबा बेलखरनाथ धाम पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पीड़ित ने मामले में एक व्यक्ति को नामजद करते हुए दिलीपपुर थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष दिलीपपुर विजयकांत सत्यार्थी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़।कंधई के बीरमऊ विशुनदत्त गांव में पशु चोरी से हड़कंप, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस












