एटा ब्रेकिंग: रोडवेज बस में दोगुना किराया वसूलने का आरोप, यात्रियों में आक्रोश एटा, 1 अगस्त 2026।
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
जनपद एटा में रोडवेज विभाग की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे एटा डिपो से आगरा के लिए रवाना हुई रोडवेज बस (UP 82 A 4434) में यात्रियों ने निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने का आरोप लगाया है। यात्रियों का कहना है कि एटा से आगरा का निर्धारित किराया 124 रुपये होने के बावजूद उनसे 246 रुपये प्रति यात्री वसूले गए। जब यात्रियों ने बस कंडक्टर से अधिक किराया लेने का कारण पूछा तो उन्हें कोई स्पष्ट और संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मामले को लेकर कई यात्रियों ने एटा डिपो के एआरएम नरेश गुप्ता से भी फोन पर संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया। यात्रियों के अनुसार, वहां से भी अतिरिक्त किराया वसूले जाने के संबंध में कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया, जिससे यात्रियों में नाराजगी और बढ़ गई। यदि प्रत्येक यात्री से 124 रुपये अतिरिक्त लिए गए हैं, तो पूरी बस से वसूली गई अतिरिक्त राशि को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह तकनीकी त्रुटि थी, किसी विशेष आदेश के तहत किराया लिया गया या फिर वसूली में कोई अनियमितता हुई। यात्रियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अतिरिक्त वसूली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। अब सभी की नजर परिवहन विभाग के आधिकारिक स्पष्टीकरण और आगे की कार्रवाई पर टिकी है।












