कांवड़ यात्रा को लेकर रिजोर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, सीओ सकीट नीतीश गर्ग ने दिए सख्त निर्देश।
संवादाता अमन अहमद।

एटा। श्रावण मास में निकल रही कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी सकीट नीतीश गर्ग ने शनिवार को थाना रिजोर क्षेत्र के अंतर्गत कांवड़ मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा यातायात व्यवस्था का मौके पर जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान सीओ ने कांवड़ मार्ग पर की गई बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस सहायता केंद्रों तथा सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न होने पाए। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। सीओ नीतीश गर्ग ने कांवड़ ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति और सतर्कता भी जांची। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार बनाए रखें। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के भी निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकें।












