एटा ब्रेकिंग: एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय का एक्शन, समाधान दिवस से लेकर कांवड़ रूट तक किया सघन निरीक्षण
जिला संवादाता काव्यांश रावत
जनपद एटा उत्तर प्रदेश।
एटा, 1 अगस्त। एटा के एसपी सिटी श्वेताभ पाण्डेय शनिवार को पूरे दिन एक्शन मोड में नजर आए। उन्होंने अलीगंज तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम संगम लाल के साथ पहुंचकर लोगों की जनसमस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी ने थाना नयागांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, मालखाना, बैरक, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस व्यवस्था तथा जनसुनवाई रजिस्टर का गहन परीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव और पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए एसपी सिटी ने अलीगंज क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार पेट्रोलिंग तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
एटा पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी और पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।












