13.70 लाख की हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा: बेमेतरा पुलिस ने 5 शातिर चोर दबोचे

  1. 13.70 लाख की हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा: बेमेतरा पुलिस ने 5 शातिर चोर दबोचे, सोने के जेवर, गोल्ड लोन, टीवी, बाइक समेत पूरा नेटवर्क बेनकाब

जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू  बेमेतरा। बेमेतरा पुलिस ने जिले की सबसे चर्चित चोरी की वारदातों में से एक का पर्दाफाश करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 13.70 लाख रुपये के चोरी गए सोने-चांदी के जेवर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, टीवी, मोबाइल, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन दस्तावेज, नकदी और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में चार आरोपी पहले से ही चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) के निर्देशन तथा दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य (IPS) की सतत मॉनिटरिंग में साइबर सेल और सिटी कोतवाली बेमेतरा की संयुक्त टीम ने इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

रात के अंधेरे में घर में घुसे, 5.60 लाख की चोरी मामला 21-22 जुलाई 2026 की दरमियानी रात का है। वार्ड क्रमांक 12 सिंघौरी निवासी पवन शाह के घर में अज्ञात चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी में रखे 4.60 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर तथा 1 लाख रुपये नकद सहित कुल 5.60 लाख रुपये की संपत्ति पार कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की।

तकनीकी जांच से खुला राज, पूरे गिरोह तक पहुंची पुलिस

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान और राजेश निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि चोरी के जेवरों को गिरवी रखकर लाखों रुपये का गोल्ड लोन लिया गया तथा कुछ जेवर राजनांदगांव के ज्वेलर्स को बेच दिए गए।

गोल्ड लोन, ज्वेलर्स और बैंक तक पहुंची जांच

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चोरी के पैसों से खरीदा गया टीवी, मोबाइल, नगदी, सोने-चांदी के जेवर, गोल्ड प्लेज कार्ड, गोल्ड लोन दस्तावेज और अन्य सामग्री जब्त की। कुल 13.70 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

5 आरोपी गिरफ्तार, पुराने अपराधों का लंबा रिकॉर्ड

गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार जैन, मोहम्मद सुमोन खान, राजेश निषाद, दिव्या बाई सांखला (जैन) और आदित्य जैन शामिल हैं। इनमें से चार आरोपियों पर विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट, जुआ और मारपीट के करीब 92 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अजय कुमार जैन पर अकेले 41 मामले दर्ज होना पुलिस रिकॉर्ड में सामने आया है।

संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

पूरे ऑपरेशन में थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई बेमेतरा पुलिस की हाल के समय की सबसे बड़ी चोरी के खुलासों में से एक मानी जा रही है, जिसमें न केवल चोरी का माल बरामद हुआ बल्कि चोरी के बाद जेवरों को ठिकाने लगाने के पूरे नेटवर्क का भी खुलासा हुआ।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें