शिक्षकों को मिला शारीरिक दक्षता और नेतृत्व का प्रशिक्षण, विद्या भारती की कार्यशाला में राष्ट्र निर्माण का संदेश।

शिक्षकों को मिला शारीरिक दक्षता और नेतृत्व का प्रशिक्षण, विद्या भारती की कार्यशाला में राष्ट्र निर्माण का संदेश।

संवादाता अमन अहमद।

एटा। विद्या भारती के तत्वावधान में शिक्षकों को शारीरिक रूप से सशक्त, अनुशासित और नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से केशव सरस्वती शिशु-विद्या मंदिर, भारती नगर, एटा में शारीरिक एवं खेलकूद कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिले के विभिन्न विद्यालयों से जुड़े शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शारीरिक शिक्षा और खेल गतिविधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त किया।

कार्यक्रम में प्रदेश निरीक्षक हरवीर सिंह चाहर, जिला समन्वयक सुरेन्द्र सिंह गोला, सुनील कुमार, राजहंस जी एवं प्रांतीय खेलकूद प्रमुख रजनीकांत जी ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक का स्वयं स्वस्थ, अनुशासित और प्रेरणादायी होना आवश्यक है। उन्होंने नियमित योग, व्यायाम, सूर्य नमस्कार और खेलकूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

कार्यशाला के दौरान शिक्षकों को विभिन्न खेल विधाओं, समूह गतिविधियों, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व विकास से जुड़े महत्वपूर्ण अभ्यास कराए गए। प्रशिक्षकों ने बताया कि शारीरिक शिक्षा केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, सहयोग और राष्ट्रभाव विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम है।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के व्यवस्थापक अरविंद कुमार अग्रवाल, सह-व्यवस्थापक उमेश कुमार उर्फ मधु, कोषाध्यक्ष विजय वार्ष्णेय, प्रधानाचार्य हरीश कुमार गंगवार तथा संकुल प्रमुख दद्दन सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने ऐसी कार्यशालाओं को शिक्षकों के व्यक्तित्व विकास और विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ हुआ। सभी शिक्षकों ने संस्कारयुक्त, चरित्रवान और राष्ट्रनिष्ठ पीढ़ी के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प दोहराया। यह कार्यशाला प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी, ज्ञानवर्धक और उत्साहवर्धक साबित हुई।

ये भी पढ़ें विद्युत समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें