45 वर्ष की उम्र में हासिल की सफलता, प्रमोद कुमार बने टीजीटी शिक्षक
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज विकासखंड के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत सराय छत्ता ढिंगईपुर ग्रामसभा निवासी प्रमोद कुमार (पुत्र स्व. रामफेर सरोज) ने 45 वर्ष की आयु में टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) पद पर चयनित होकर यह साबित कर दिया कि सफलता उम्र की मोहताज नहीं होती, बल्कि मेहनत, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है।
प्रमोद कुमार लंबे समय से प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। वर्षों के कठिन संघर्ष और लगातार प्रयास के बाद आखिरकार उन्हें टीजीटी शिक्षक के पद पर सफलता मिली। उनकी इस उपलब्धि से परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।
चयन के बाद जब प्रमोद कुमार अपने पैतृक गांव पहुंचे तो ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया। लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जनसत्ता दल के जिला सचिव पंकज यादव, मायाराम फौजी, शुभम, सर्वेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने प्रमोद कुमार की सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर प्रयास हो, तो किसी भी उम्र में सफलता हासिल की जा सकती है। क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।












