घुइसरनाथ धाम से लौट रही कांवड़ियों से भरी पिकअप पलटी, 8–10 घायल
संवाददाता: सदानंद द्विवेदी प्रतापगढ़। लालगंज थाना क्षेत्र के डभियार गांव के पास सोमवार को घुइसरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे कांवड़ियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 8 से 10 कांवड़िये घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि पिकअप में लगभग 20 से 22 श्रद्धालु सवार थे, जो घुइसरनाथ धाम से दर्शन के बाद मानिकपुर क्षेत्र के साहू गांव लौट रहे थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पीछे से आ रहे एक वाहन को रास्ता देने के प्रयास में पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद पिकअप सड़क पर पलट गई।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही लालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से लालगंज ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। घायलों में 2 से 3 लोगों को गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भुजानंद राय ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें मदरसा फजले रहमानिया पचपेड़वा में बज्मे रजा का आयोजन












