स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर एआरटीओ का शिकंजा, अलीगंज में 4 वाहन पकड़े; 42 हजार का जुर्माना।
संवाददाता अमन अहमद।
एटा। स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को एटा के अलीगंज क्षेत्र में एआरटीओ शिवम यादव के नेतृत्व में ‘मिशन सुरक्षा दो’ अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने बिना फिटनेस और परमिट के संचालित हो रहे चार स्कूली वाहनों को पकड़ लिया।परिवहन विभाग की जांच में सामने आया कि पकड़े गए वाहनों के जरूरी प्रपत्र पूरे नहीं थे। नियमों का पालन नहीं मिलने पर विभाग की ओर से चारों वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 42 हजार रुपये के चालान किए गए। कार्रवाई के बाद सभी पकड़े गए वाहनों को अलीगंज कोतवाली में खड़ा कराया गया, जहां उन्हें नियमानुसार कार्रवाई पूरी होने तक रखा गया है। एआरटीओ शिवम यादव ने बताया कि स्कूली वाहनों में बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाहन का फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे होना अनिवार्य है। अनफिट या नियमों के विपरीत संचालित वाहन बच्चों के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं। इसी को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन विद्यालयों से संबंधित वाहनों पर कार्रवाई की गई, उनमें चौधरी एसपीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, श्री सरमन सिंह विद्यालय, आरडी इंटर कॉलेज और जीएस कॉन्वेंट स्कूल शामिल हैं। एआरटीओ ने विद्यालय प्रबंधन और वाहन स्वामियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्कूली वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज समय से पूरे कराए जाएं और वाहनों की फिटनेस मानकों के अनुरूप रखी जाए। उन्होंने कहा कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वाले अन्य स्कूली वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।












