एटा में शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं का मोर्चा, 50-60 महिलाओं ने किया हंगामा
संवाददाता योगेन्द्र सिंह एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र के सिकरारी गांव में देशी शराब की दुकान को लेकर सोमवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। करीब 50 से 60 महिलाओं ने शराब की दुकान के बाहर पहुंचकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया और दुकान बंद कराने की मांग उठाई। महिलाओं के हंगामे से मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में संचालित देशी शराब की दुकान पर निर्धारित समय से पहले और समय समाप्त होने के बाद भी कथित तौर पर धड़ल्ले से शराब की बिक्री की जाती है। महिलाओं ने कहा कि शराब की दुकान के आसपास आए दिन शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे गांव की महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब के नशे में लोग आए दिन गाली-गलौज और हुड़दंग करते हैं। इससे गांव का माहौल खराब हो रहा है और परिवारों पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से शराब की दुकान को बंद कराने या गांव से हटाने की मांग की।
हंगामे की सूचना मिलने पर अवागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिलाओं को समझा-बुझाकर शांत कराया और उनकी शिकायतों को सुनते हुए मामले की जांच का भरोसा दिया। पुलिस द्वारा शराब की बिक्री के निर्धारित समय और दुकान के संचालन से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है।
महिलाओं का कहना है कि यदि जांच में निर्धारित समय के विपरीत शराब की बिक्री या अन्य नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। अब देखना यह है कि जांच के बाद प्रशासन और आबकारी विभाग की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है।
पूरा मामला थाना अवागढ़ क्षेत्र के सिकरारी गांव का बताया जा रहा है।
ये भी पढ़ें कांवड़ मेले की भीड़ में चेन स्नैचिंग करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने की चेन बरामद












