छेड़छाड़ की शिकायत करना पड़ा भारी, दबंगों ने महिला से की मारपीट
संवाददाता — निशांत त्रिपाठी सीतापुर। महिला सुरक्षा को लेकर शासन-प्रशासन की ओर से लगातार गंभीरता बरती जा रही है, लेकिन कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के शाहमहोली चौकी क्षेत्र से सामने आए एक मामले ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता ने दबंगों पर छेड़छाड़ की शिकायत करने के बाद उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
पीड़िता का आरोप है कि अफसर गाजी और उसके पुत्रों द्वारा उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता के मुताबिक, मामले को लेकर शाहमहोली चौकी पर प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन आरोप है कि कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता ने चौकी प्रभारी पर कार्रवाई के बदले पैसे मांगने का भी आरोप लगाया है। साथ ही, पीड़िता का आरोप है कि उसकी तहरीर में भी बदलाव किया गया।
मामले में पीड़िता ने सीतापुर पुलिस अधीक्षक को ऑनलाइन शिकायत भेजकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जब इस संबंध में कोतवाली देहात प्रभारी से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि ऐसा कोई मामला फिलहाल उनके संज्ञान में नहीं आया है। उन्होंने कहा कि यदि पीड़िता द्वारा थाने पर प्रार्थना पत्र दिया जाता है तो मामले में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पीड़िता चौकी से लेकर पुलिस कप्तान तक न्याय की गुहार लगा रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें सीतापुर जिला जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर निसार की मौत, उपचार के दौरान तोड़ा दम












