सीतापुर जिला जेल में बंद हिस्ट्रीशीटर निसार की मौत, उपचार के दौरान तोड़ा दम
संवाददाता — निशांत त्रिपाठी
सीतापुर। अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री के भंडाफोड़ मामले में गिरफ्तार कर जिला जेल भेजे गए हिस्ट्रीशीटर निसार की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। बीती रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बीते दिनों अवैध असलहा बनाने की फैक्ट्री का खुलासा करते हुए निसार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से तमंचे, जिंदा कारतूस और असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए गए थे। गिरफ्तारी के बाद निसार को न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेजा गया था।
जेल अधीक्षक प्रीति यादव के अनुसार, निसार डायबिटीज से पीड़ित था। बीती रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
निसार की मौत के बाद जिला अस्पताल में पुलिस और जेल प्रशासन की निगरानी में आवश्यक कार्रवाई की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के चिकित्सकीय कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ये भी पढ़ें सीतापुर में श्री सीताराम मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना












