दिल्ली के सत्य निकेतन में तीन मंजिला इमारत ढही, मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शिव मंदिर के पास एक तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर विभाग के मुताबिक, हादसे की सूचना दोपहर 1 बजकर 33 मिनट पर मिली। इसके बाद राहत और बचाव कार्य के लिए 12 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए।
मलबे में लोगों के फंसे होने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इमारत में पीजी संचालित होने की बात सामने आई है। ऐसे में मलबे के नीचे कई छात्रों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू टीमें लगातार मलबा हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश कर रही हैं।
कई लोगों को सुरक्षित निकाला गया
बचाव अभियान के दौरान अब तक 2 से 3 लोगों को मलबे से बाहर निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद स्थानीय लोग भी राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए आगे आए। मौके पर पुलिस, फायर विभाग और अन्य बचाव टीमें मौजूद हैं। फिलहाल मलबा हटाने का काम जारी है और रेस्क्यू ऑपरेशन के पूरा होने के बाद ही हादसे में फंसे लोगों की सही संख्या और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











