14 वर्षीय किशोरी संदिग्ध हालात में लापता, घर से नकदी और जेवर गायब होने का आरोप
संवादाता :पंकज मिश्रा
मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसुरा (चौ. अंगोथा) में 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। किशोरी के पिता अरविंद सिंह पुत्र ख्यालीराम ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर बेटी की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है। साथ ही एक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है।
पिता के अनुसार, 15 सितंबर 2026 की सुबह करीब चार बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी गौरी घर से लापता हो गई। सुबह जानकारी होने पर परिजनों ने घर और आसपास के इलाके में उसकी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। परिजनों का आरोप है कि घर में रखे करीब 80 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण भी गायब मिले।
शिकायत में गायब बताए गए सामान में तीन सोने की अंगूठियां, चार चांदी की अंगूठियां, एक जोड़ी झांझन/पायल, एक जोड़ी कुंडल, करधनी और जंजीर शामिल हैं।
युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
किशोरी के पिता ने गांव के ही निवासी ऋषभ पुत्र नेमसिंह पर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि युवक पिछले कुछ समय से उनके घर के आसपास आता-जाता था। इसी आधार पर परिवार ने युवक पर संदेह जताते हुए पुलिस से मामले की जांच और किशोरी की तलाश कराने की मांग की है।
परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से मामले को गंभीरता से लेते हुए नाबालिग किशोरी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने तथा शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच के बाद ही किशोरी के लापता होने की वास्तविक परिस्थितियों, नकदी व जेवर के गायब होने तथा युवक पर लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।












