रसूलाबाद के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से नंदी घायल, कार्यकर्ताओं ने पहुंचाई मदद
मियागंज। ब्लॉक मियागंज क्षेत्र के रसूलाबाद के पास महमूदपुर गांव स्थित नहर की पुलिया पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक नंदी घायल हो गया। हादसे में नंदी के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़ा था।
घटना की जानकारी मिलने पर राष्ट्रीय बजरंग दल हिंदू के मियागंज ब्लॉक अध्यक्ष विकास राजपूत अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने घायल नंदी को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और तत्काल पशु चिकित्सक को सूचना दी।
सूचना पर पशु चिकित्सालय के चिकित्सक मौके पर पहुंचे और नंदी का उपचार शुरू किया। गर्मी और धूप से बचाने के लिए कार्यकर्ताओं ने उसे नीम के पेड़ की छांव में पहुंचाया। इसके साथ ही चारे और पानी की भी व्यवस्था की गई।
विकास राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता उपचार के दौरान मौके पर मौजूद रहे और घायल नंदी की देखरेख में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने भी घायल पशु की मदद के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।












