प्रतापगढ़: थाने में न्याय की गुहार लगाने पहुंची महिला ने दी आत्महत्या की चेतावनी, दरोगा पर अभद्रता का आरोप
मांधाता/प्रतापगढ़। मांधाता थाना क्षेत्र में एक महिला ने पुलिस पर सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए गंभीर चेतावनी दी है। महिला का आरोप है कि विपक्षियों की ओर से उसे लगातार गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसी शिकायत को लेकर वह थाने पहुंची थी।
महिला के अनुसार, थाने में पहले उससे तहरीर में बदलाव कराने और मुकदमा दर्ज किए जाने का भरोसा दिया गया, लेकिन बाद में कथित तौर पर पुलिसकर्मी के व्यवहार में बदलाव आ गया। महिला का आरोप है कि दरोगा ने उसे थाने से चले जाने के लिए कहा और उसकी शिकायत पर उचित कार्रवाई नहीं की।
मामले की जानकारी लेने पहुंचे एक पत्रकार के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महिला ने चेतावनी दी है कि यदि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है अथवा वह आत्महत्या जैसा कदम उठाती है, तो इसके लिए मांधाता थाना प्रभारी धनंजय राय को जिम्मेदार माना जाए।
फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। महिला की गंभीर चेतावनी को देखते हुए संबंधित उच्चाधिकारियों से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की जा रही है।
दैनिक चक्र न्यूज़
ब्यूरो चीफ प्रतापगढ़ — महेश शुक्ला की रिपोर्ट












