बेटी के तिलक की खुशियों के बीच मातम, पारिवारिक विवाद के बाद पिता ने खाया जहरीला पदार्थ
ऊंचाहार संवाददाता धीरेंद्र कुमार | रायबरेली
रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के पूरनशाहपुर गांव में बेटी के तिलक समारोह की तैयारियों के बीच एक परिवार की खुशियां गम में बदल गईं। पारिवारिक विवाद से आहत 38 वर्षीय रावेंद्र तिवारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पत्नी के मायके जाने से आहत होने की बात
मिली जानकारी के अनुसार, रावेंद्र तिवारी छत्तीसगढ़ में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी शादी करीब 20 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। एक बेटी की शादी पहले ही हो चुकी है, जबकि दूसरी बेटी का तिलक समारोह आगामी 24 नवंबर को निर्धारित है। घर में समारोह की तैयारियां चल रही थीं।
बताया जा रहा है कि रावेंद्र पिछले करीब एक वर्ष से पत्नी के संबंधों को लेकर संदेह के चलते पारिवारिक तनाव में थे। आरोप है कि सुबह सोकर उठने पर उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी घर छोड़कर मायके चली गई है। साथ ही, वह उनका मोबाइल फोन और नौ हजार रुपये भी अपने साथ ले गई। इस घटनाक्रम से आहत होकर रावेंद्र ने कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया।
हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर
घटना की जानकारी होने पर परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी ऊंचाहार लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. आशीष सिंह के अनुसार, विषाक्त पदार्थ के सेवन के बाद मरीज को अस्पताल लाया गया था। हालत में सुधार नहीं होने पर बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेटी के तिलक समारोह की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार में चिंता और दुख का माहौल है। फिलहाल रावेंद्र की हालत को लेकर परिजन परेशान हैं।











