प्रयागराज के वार्ड 59 में केंद्रीय अवकाश गृह के सामने लगा कूड़े का ढेर, स्थानीय लोगों ने उठाई सफाई की मांग
संवाददाता विमल मिश्रा | प्रयागराज।
प्रयागराज नगर निगम के वार्ड नंबर 59 स्थित नीम सराय में डिवाइडर रोड पर केंद्रीय अवकाश गृह के सामने कूड़ा जमा होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे फैली गंदगी को लेकर नागरिकों ने नगर निगम से सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्रीय अवकाश गृह में बाहर से भी अतिथियों का आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में मुख्य मार्ग के सामने कूड़े का ढेर लगा होना क्षेत्र की छवि को प्रभावित कर रहा है। सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को भी गंदगी के कारण असुविधा हो रही है।
स्थानीय नागरिक अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि सड़क और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना जरूरी है, ताकि यहां आने वाले अतिथियों और राहगीरों के बीच क्षेत्र की अच्छी छवि बनी रहे।
नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से जल्द कूड़ा हटवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इस समस्या पर कब तक संज्ञान लेता है।











