एटाबागवाला पुलिस की बड़ी कामयाबी, साइबर ठगी के 9,481 रुपये पीड़ित को वापस दिलाए
संवाददाता योगेंद्र सिंह
एटा जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बागवाला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना बागवाला की साइबर हेल्प डेस्क टीम ने ठगी का शिकार हुए पीड़ित की धनराशि वापस कराकर एक बार फिर एटा पुलिस की कार्यशैली को सराहनीय साबित किया है। टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में कुल 9,481 रुपये की धनराशि वापस कराई है।
बताया जा रहा है कि आवेदक को किसी अज्ञात व्यक्ति ने झांसे में लेकर उसके साथ ऑनलाइन ठगी की थी। ठगी के बाद पीड़ित ने थाना बागवाला की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया और तकनीकी जांच शुरू कर दी।
यह पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्री सच्चिदानंद तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री श्वेताभ पाण्डेय के निकट पर्यवेक्षण में की गई। वहीं, क्षेत्राधिकारी साइबर श्री नीतीश गर्ग के नेतृत्व में साइबर हेल्प डेस्क टीम ने ठगी गई रकम को ट्रेस कर संबंधित खातों से होल्ड कराया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पीड़ित के खाते में वापस कराया।
धनराशि वापस मिलने के बाद पीड़ित ने राहत की सांस ली और थाना बागवाला साइबर हेल्प डेस्क टीम के साथ ही एटा पुलिस का आभार व्यक्त किया। पीड़ित ने कहा कि उसे उम्मीद नहीं थी कि ठगी गई रकम वापस मिल पाएगी, लेकिन पुलिस की तत्परता से उसका पैसा वापस आ गया।
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली साइबर हेल्प डेस्क टीम में उपनिरीक्षक श्री आनंद सिंह, महिला कांस्टेबल स्वाति और कांस्टेबल आकाश शर्मा शामिल रहे। टीम की इस सफलता पर अधिकारियों ने भी प्रशंसा की है।
एटा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें, अपना ओटीपी, बैंक डिटेल किसी को न बताएं और ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं।











