एटा: यातायात माह में एटा पुलिस की सराहनीय पहल, मूक-बधिर दिव्यांग चालकों की बाइक पर लगाए ‘DEAF DRIVER’ बोर्ड, बांटे हेलमेट
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
एटा। यातायात जागरूकता माह 2026 के तहत दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एटा पुलिस ने सराहनीय पहल की है। मूक-बधिर दिव्यांग वाहन चालकों की सुरक्षा एवं जनजागरूकता के उद्देश्य से उनकी बाइक एवं स्कूटी पर ‘DEAF DRIVER’ के पहचान संबंधी साइन बोर्ड लगाकर हेलमेट वितरण किया गया।
आज दिनांक 23.11.2026 को पुलिस कार्यालय एटा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा डॉ. इलामारन जी. व अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एटा श्री सच्चिदानन्द द्वारा दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं अन्य वाहन चालकों को जागरूक करना है, ताकि सड़क पर मूक-बधिर वाहन चालकों की पहचान हो सके और सभी लोग उनके प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए उन्हें सुरक्षित आवागमन में सहयोग एवं प्राथमिकता प्रदान करें। पुलिस ने बताया कि हॉर्न की आवाज न सुन पाने के कारण मूक-बधिर चालकों को हादसे का खतरा ज्यादा रहता है, इसलिए यह बोर्ड उनकी सुरक्षा में मदद करेगा।इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री हरिओम गुप्ता एवं उनके अन्य साथियों को उनके सराहनीय योगदान के लिए ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मूक-बधिर दिव्यांगजनों की सांकेतिक भाषा अनुवादक श्रीमती आरती यादव भी उपस्थित रहीं, जिनके कुशल संचालन एवं अनुवाद से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एटा द्वारा समस्त आम जनमानस से अपील की गई कि यातायात माह नवंबर 2026 के दौरान यातायात नियमों का पालन करें, दिव्यांगजनों के प्रति संवेदनशीलता रखें तथा शासन की मंशा के अनुरूप सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात श्री अरुण कुमार सिंह, प्रभारी यातायात श्री अब्दुल कादिर, अनिल कुमार वर्मा आदि यातायात पुलिसबल मौजूद रहा।
एक छोटी-सी सावधानी, किसी के जीवन की बड़ी सुरक्षा बन सकती है।











