प्रयागराज में मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या, ईंट-पत्थरों से कूचकर उतारा मौत के घाट; टूटा मिला दानपात्र

प्रयागराज में मंदिर के पुजारी की निर्मम हत्या, ईंट-पत्थरों से कूचकर उतारा मौत के घाट; टूटा मिला दानपात्र

प्रयागराज। जिले के थरवई थाना क्षेत्र के मनसैता गांव स्थित प्राचीन मनकामेश्वर नाथ मंदिर (भीमकुंड) में सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। मंदिर में रहकर पूजा-पाठ और देखरेख करने वाले पुजारी बाबा दयाल दास की अज्ञात हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से कूचकर निर्मम हत्या कर दी। मंगलवार सुबह मंदिर परिसर में उनका खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान जटाशंकर मिश्र उर्फ बाबा दयाल दास के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह कई वर्षों से मंदिर में रहकर पूजा-अर्चना और मंदिर की देखरेख कर रहे थे। घटनास्थल पर मंदिर का दानपात्र भी टूटा हुआ मिला, जिससे लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

वहीं, स्थानीय लोगों के मुताबिक मंदिर की जमीन को लेकर पहले भी विवाद हुआ था। कुछ दिन पूर्व पुजारी के साथ मारपीट की घटना होने की बात भी सामने आई है। ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या जमीन विवाद की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, इन सभी पहलुओं की पुलिस जांच कर रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही थरवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी थरवई अजेंद्र यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

डीसीपी गंगानगर सोनम कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसीपी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

फिलहाल मंदिर परिसर में हुई इस सनसनीखेज हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अब देखना होगा कि पुलिस इस हत्याकांड का खुलासा कब तक कर पाती है और पुजारी के हत्यारों को कब तक गिरफ्तार किया जाता है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें