एटा: जन्माष्टमी पर चली OPD में बढ़े मरीज, 9 मलेरिया संक्रमित भर्ती
संवादाता अमन अहमद। एटा। जन्माष्टमी पर मेडिकल कॉलेज में संचालित विशेष ओपीडी में बुखार, सर्दी और जुकाम से पीड़ित बड़ी संख्या में लोग इलाज कराने पहुंचे। शनिवार को दोपहर 12 बजे तक चली इस ओपीडी में करीब डेढ़ हजार लोगों का पंजीकरण हुआ। इनमें से चार सौ मरीज मेडिसिन विभाग में पहुंचे, जिनमें सबसे अधिक बुखार और जुकाम के मरीज थे।
इसी बीच, दो दिनों में मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुए नौ मरीजों की जांच रिपोर्ट मलेरिया पॉजिटिव आई है। इन मरीजों में गुलशन निवासी नवी नगर मारहरा रोड, दिनेश निवासी निजामपुर, मुनेश निवासी नगला भजुआ, अंजली निवासी कुनावली, सरोज निवासी नेहचलपुर, बेबी निवासी उदयपुर धुमरी, खुशी निवासी शिवओमपुरी, विजय निवासी सोंसा बागवाला और नेकसीदेवी निवासी रामेश्वरपुरम कॉलोनी शामिल हैं। सभी मरीज कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे और पहले निजी क्लीनिकों में उपचार करा रहे थे। बाद में परिजन उन्हें मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां जांच में मलेरिया संक्रमित मिलने पर भर्ती कर लिया गया।
चिकित्सक डॉ. मुहम्मद कासिव ने बताया कि बदलते मौसम और लगातार हो रही बारिश की वजह से लोग सर्दी, जुकाम और बुखार की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में ओपीडी में आ रहे हैं। जलभराव और मच्छरों की बढ़ती संख्या के चलते मलेरिया के मरीजों की तादाद भी लगातार बढ़ रही है।
ये भी पढ़ें 16 अगस्त से अनिश्चितकाल के लिए राजस्व सम्बन्धित समस्त ऑनलाईन कार्य बंद














