प्रयागराज : तेलियरगंज से फाफामऊ तक भीषण जाम, लोगों में भारी नाराजगी
प्रयागराज। बुधवार सुबह चंद्रशेखर आजाद सेतु (फाफामऊ पुल) पर चल रही मरम्मत के कारण तेलियरगंज से फाफामऊ तक भीषण जाम लग गया। प्रयागराज, लखनऊ और प्रतापगढ़ को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर जाम इतनी गंभीरता से बढ़ा कि लोगों को महाकुंभ की याद आने लगी। जाम में फंसे यात्रियों ने त्राहिमाम कर अपने कष्ट का इज़हार किया।
हालांकि दो दिन पहले ही पुलिस प्रशासन की ओर से एडवाइजरी जारी की गई थी, जिसमें फाफामऊ पुल पर केवल दो पहिया वाहनों के आवागमन की अनुमति दी गई थी और अन्य वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए थे। लेकिन बुधवार सुबह अचानक भारी संख्या में लोग फाफामऊ पुल से प्रयागराज, लखनऊ व प्रतापगढ़ की ओर जाने लगे। संकरा रास्ता होने के कारण कुछ वाहन चालक जल्दबाजी में नियमों की अनदेखी करते हुए आड़े-तिरछे होकर आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे। इससे पुल पर जाम और भी विकराल रूप ले लिया।
स्थिति यह हो गई कि पुलिस की मौजूदगी कुछ स्थानों पर मिली, लेकिन कई जगह पर पुलिस नदारद रही, जिससे राहगीरों में गहरी नाराजगी और असंतोष देखने को मिला। जनसामान्य की सुविधा को देखते हुए फिलहाल दो पहिया वाहनों को फाफामऊ पुल से गुजरने की अनुमति दी जा रही है। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ऐसी स्थिति बनी रही, तो तकनीकी कारणों एवं मरम्मत कार्य में व्यवधान को ध्यान में रखते हुए दो पहिया वाहनों के लिए भी फाफामऊ पुल को बंद किया जा सकता है।
वैकल्पिक मार्ग विवरण :
- भारी वाहन, बस व चार पहिया वाहनों के लिए सिविल लाइन्स से बालसन चौराहा – जीटी जवाहर शास्त्री ब्रिज – अदांवां – सहसों – एनएच 2 होते हुए लखनऊ व प्रतापगढ़ जाने की सलाह दी गई है।
- फाफामऊ से प्रयागराज आने वाले वाहन फाफामऊ – थरवई – सहसों – शास्त्री ब्रिज – जीटी जवाहर होते हुए प्रयागराज पहुंच सकेंगे।
- लखनऊ से आने वाले वाहन श्रृंगवेरपुर – कोखराज – पुरामुफ्ती – धूमनगंज/एयरपोर्ट होते हुए प्रयागराज आ सकेंगे।
- आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह निर्धारित मार्ग ही उपयोग करने की सलाह दी गई है।
प्रशासन अब इस जाम की समस्या को देखते हुए रणनीति बनाने में जुटा है, ताकि मरम्मत कार्य में व्यवधान न हो और यातायात सुगम रूप से चलता रहे।
ये भी पढ़ें गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में किया जनता दर्शन, फरियादियों की सुनी समस्याएं












